प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को आक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिये सरकार द्वारा युद्घ स्तर पर काम जारी

प्रदेश के मिले छ:आक्सीजन प्लाटों में से करनाल,सोनीपत से आक्सीजन उत्पादन शुरू-आज से अम्बाला में भी शुरू हो जायेगा ऑक्सीजन उत्पादन–पंचकूला, फरीदाबाद और हिसार में 2-3 दिन में शुरू हो जायेंगे ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट–केन्द्र सरकार ने प्रदेश को 60 अन्य ऑक्सीजन प्लांट भी दिये हंै, जो 30, 50, 100 और 200 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पतालों मेें किये जायेंगे स्थापित:-गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज।
-गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने नागरिक अस्पताल अम्बाला शहर में ऑक्सीजन प्लांट का किया औचक निरीक्षण–अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से कार्यरूप में परिणत करने के दिये निर्देश।
अम्बाला, 5 मई:- गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिये सरकार द्वारा युद्घ स्तर पर काम जारी है। प्रदेश में 6 ऑक्सीजन प्लांटो के स्थापित करने के चलते करनाल और सोनीपत में लगाये गये ऑक्सीजन प्लांटो से उत्पादन शुरू हो गया है। अम्बाला के नागरिक अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट से आज ही ऑक्सीजन उत्पादन का कार्य शुरू हो जायेगा, ऐसा अधिकारियों ने आश्वासन दिया है। पंचकूला, फरीदाबाद और हिसार में आगामी 2-3 दिन में ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट शुरू हो जायेंगे। गृहमंत्री अनिल विज आज बुधवार को अम्बाला शहर के नागरिक अस्पताल में लगाये गये ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण कर रहे थे।
विज ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश सरकार को उपरोक्त के अलावा 60 ऑक्सीजन प्लांट दिये गये हैं, जोकि प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में लगाए जायेंगे। ऐसे अस्पताल जिनकी क्षमता 30, 50, 100 और 200 बिस्तरों की है, वहां पर यह ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होंगे। डीआरडीओ के साथ अन्य एजेंसियां भी इस विषय को लेकर जिम्मेदारी के साथ तेजी से कार्य कर रही हैं। सिविल वर्क का कार्य नेशनल हाईवे को दिया गया है। सम्बन्धित एजेंसियों को निर्देश दिये गये हैं कि सिविल वर्क का कार्य आगामी सात दिन के अंदर पूरा कर दिया जाये ताकि ऑक्सीजन उत्पादन का कार्य तेजी से शुरू हो सके। हम ऑक्सीजन के मामले में प्रदेश के हर सरकारी अस्पताल को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं और इस दिशा में काम भी पूरे युद्घ स्तर पर किया जा रहा है।
मीडिया से बात करते हुए मंत्री अनिल विज ने आगे कहा कि नियमों में बदलाव करके सभी प्राइवेट अस्पताल अपनी-अपनी जरूरत के हिसाब से ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट लगाने के लिये कहा गया है। यह कार्य अति शीघ्रता से किया जाना चाहिए। कुछ अस्पताल बड़े है, वे अपने निर्धारित समय के अनुसार तेजी से प्लांट लगाने का काम करेंगे ताकि किसी भी क्षेत्र में लोगों को ऑक्सीजन की कमी का सामना न करना पड़े। यदि कोई प्राइवेट अस्पताल ऑक्सीजन प्लांट नही लगायेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। प्रेस द्वारा पूछे गये एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमें ऑक्सीजन का कोटा अलॉट हुआ था, हालांकि हम ऑक्सीजन एयरलिफ्ट भी कर रहे हैं लेकिन ओडि़शा से ऑक्सीजन मंगवाने में टैंकर मिलने में दिक्कत आ रही है। टैंकरों की वजह से पूरा कोटा उठाने में दिक्कत आ रही है। इस विषय को लेकर सभी सम्बन्धित अधिकारियों से बैठक की थी। विदेशों से जहां से भी आयात किये जाएं, वहां से ऑक्सीजन टैंकर आयात किये जाएं ताकि ओडि़शा से ऑक्सीजन की सप्लाई की चेन बन सके और ऑक्सीजन की सप्लाई पर्याप्त रूप से हो सके। इस मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन डा0 कुलदीप सिंह ने मंत्री विज को बताया कि लिक्विड ऑक्सीजन के 1000 लीटर क्षमता के दो टैंकर अम्बाला शहर के नागरिक अस्पताल और छावनी अस्पताल में स्थापित किये जायेंगे, इस पर शीघ्रता से कार्य जारी है।
बॉक्स:- प्लांट को स्थापित करने में मुख्य भूमिका अदा करने वाले मौके पर उपस्थित प्रो0 जोगेन्द्र ने बताया कि प्लांट में ऑक्सीन उत्पादन का कार्य आज से ही शुरू हो जायेगा। इससे प्रतिदिन 40-45 ऑक्सीन के बड़े सिलेंडर के बराबर ऑक्सीजन तैयार होगी। यह ऑक्सीजन सीधे मरीज के बैड तक पंहुचेगी, ऐसी व्यवस्था की गई है।
बॉक्स:- मीडिया द्वारा राहुल गांधी द्वारा किये गये ट्वीट पर विज ने कहा कि राहुल बच्चे की तरह रोते रहते हैं, सरकार कोरोना के खिलाफ युद्घ स्तर पर लड़ाई लड़ रही है और इतनी बड़ी आपदा में सरकार पूरी ताकत लगा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑक्सीजन आबंटन और कोटे सम्बन्धी विषय को लेकर मुख्यमंत्री स्वंय मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कोरोना के संक्रमण पर प्रहार करने के लिये संसाधनों के साथ ऑक्सीजन की कोई कमी नही रहने देंगे।

 

Spread the love