भाजपा ने धर्मशाला एवं मंडी में अपने महापौर एवं उप महापौर को जिता कर भगवा परचम लहरा दिया- सुरेश कश्यप

शिमला,13अप्रैल ,2021- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा ने धर्मशाला एवं मंडी में अपने महापौर एवं उप महापौर को जिता कर भगवा परचम लहरा दिया है।
उन्होंने कहा कि मंडी में दोनों महापौर दीपाली जसवाल एवं उप महापौर वीरेंद्र भट्ट निर्विरोध जीते और इसी प्रकार धर्मशाला में महापौर पद पर ओंकार नहरिया निर्विरोध जीते। धर्मशाला में उपमहापौर पद पर भाजपा के सर्वचन्द गलोटिया को 11 मत और कांग्रेस को 6 मत प्राप्त हुए।
उन्होंने कहा कि इन नगर निगम चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत प्राप्त हुआ है, अब धर्मशाला नगर निगम कांग्रेस मुक्त हो गई है और भाजपा धर्मशाला में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है जो विकास में विश्वास रखता है, जहां भी भाजपा जीत कर आई है वहां विकास धरातल पर तेज गति से हुआ है।
इसी प्रकार नवगठित नगर निगम मंडी में भाजपा अब विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और मंडी को पर्यटन की दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार अच्छा कार्य कर रही है और उनकी बनाई नीतियों को जनता ने सरहाया है।
जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी जनता को इन चुनावों में गुमराह करने का प्रयास कर रही थी और ग्रामीण क्षेत्रों में भर्तियां फैलाने का प्रयास कर रही थी उसमें कांग्रेस पार्टी नाकाम सिद्ध हुई है, भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है जिसमें जो वायदे किए जाते हैं उनको पूरा भी किया जाता है।
अब नगर निगम के अंतर्गत आए ग्रामीण क्षेत्र भी विकास की अविरल धारा का भाग बनेंगे।
उन्होंने कहा की आने वाले फतेहपुर विधानसभा के उपचुनाव एवं मंडी लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा बड़ा बहुमत हासिल करने जा रही है, जनता का रुख भाजपा की ओर है।