श्री जे.पी. दलाल ने आज दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर व केंद्रीय पशुपालन व डेयरी मंत्री श्री गिरिराज सिंह से भेंट कर कृषि व किसान और झिंगा मछली पालन को लेकर चर्चा की

चण्डीगढ़, 29 जून – हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जे.पी. दलाल ने आज दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर व केंद्रीय पशुपालन व डेयरी मंत्री श्री गिरिराज सिंह से भेंट कर कृषि व किसान और झिंगा मछली पालन को लेकर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री से किसान उत्पादक समूह (पी.एफ.ओ), फसल बीमा योजना और ड्रिप सिंचाई को लेकर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा पी.एफ.ओ बनाए जाए। उन्होंने कहा कि छोटे और सीमांत किसानों के लिये तो किसान उत्पादन संगठन खुशहाली और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढऩे के लिये कारगर साबित होगे, इससे किसानों की बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और वे अपने उत्पादों की स्वयं बिक्री कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री को पी.एफ.ओ पर जानकारी देते हुए श्री दलाल ने बताया कि प्रदेश में प्रगतिशील किसानों के सहयोग से अब तक 486 किसान उत्पादक समूह (पी.एफ.ओ) बनाए जा चुके हैं और 76,855 किसानों को इन समूहों से जोड़ा गया है। उन्होंने बातया कि हमारा लक्ष्य 1000 किसान उत्पादक समूह बनाने का है।
श्री दलाल ने इस अवसर पर केंद्रीय पशुपालन व डेयरी मंत्री श्री गिरिराज सिंह से झिंगा मछली पालन को लेकर भी चर्चा की।