केवल घोषणाएं नहीं, बेअदबी समेत सभी मुद्दों की समयसीमा तय करें मुख्यमंत्री: अमन अरोड़ा

AMAN ARORA
ਕੇਵਲ ਐਲਾਨ ਨਹੀਂ, ਬੇਅਦਬੀ ਸਮੇਤ ਸਾਰੇ ਮੁੱਦਿਆਂ ਦੇ ਹੱਲ ਲਈ ਸਮਾਂ ਸੀਮਾ ਤੈਅ ਕਰਨ ਮੁੱਖ ਮੰਤਰੀ: ਅਮਨ ਅਰੋੜਾ
कांग्रेस की खोखली घोषणाओं से हताश, निराश और थक चुके हैं पंजाब के लोग: प्रो. बलजिंदर कौर

चंडीगढ़, 23 सितंबर 2021

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी और बहिबल कलां गोलीकांड में न्याय के लिए पंजाब के लोग नवनियुक्त मुख्यमंत्री से घोषणा के बजाय समयसीमा निर्धारित करने की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि सभी मामलों के लिए समयसीमा सुनिश्चित करें।

वीरवार को पार्टी मुख्यालय से जारी संयुक्त  बयान में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अमन अरोड़ा और विधायिका प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके साथ सुपर सीएम की तर्ज पर कंधे पर हाथ रखकर घूम रहे कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू लगातार घोषणाओं पर घोषणाएं कर रहे हैं। यह वे सभी घोषणाएं हैं, जिन्हें कांग्रेस नेतृत्व वर्ष 2017 के चुनाव से पहले से सुनाता आ रहा है। लेकिन बीते साढ़े चार साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। इसलिए लोग घोषणाएं नहीं काम चाहते हैं।

अमन अरोड़ा ने कहा कि चन्नी सरकार के पास काम करने के लिए महज साठ दिन शेष हैं। मुख्यमंत्री चन्नी पंजाब के लोगों और दुनिया भर में बसी पंजाबी संगत को सपष्ट करें कि वह अगले तीस दिन में गुरु की बेअदबी और निहत्थी संगत पर गोलियां चलाने वाले दोषियों को सजा दे सकेंगे या नहीं।

विधायिका प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि कांग्रेस की घोषणाओं से लोगों का भरोसा उठ चुका है। कहा कि महज घोषणाओं के अलावा चन्नी सरकार द्वारा अब तक कोई प्रभावी व्यापक कार्रवाई नहीं की गई है। प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बताएं कि वह कितने दिनों में ड्रग माफिया तंत्र को धवस्त कर नशा तस्करी के चर्चित बड़े मगरमच्छों को सलाखों के पीछे धकेलेंगे।

और पढ़ो :-चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली

विधायक अमन अरोड़ा और प्रो. बलजिंदर कौर ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए पूछा कि वह बताएं कि ट्रांसपोर्ट माफिया पर कार्रवाई के लिए मुहर्त कब निकलवा रहे हैं। कहा कि केवल बयानबाजी और घोषणाओं से पंजाब के उन लोगों के दर्द पर मरहम नहीं लग सकता, जिनके परिवार के लोग नशे की दलदल में फंसकर अपना जीवन बर्बाद कर चुके हैं। कहा कि चन्नी बताएं कि क्या रेत माफिया पर अब तक की गई बयानबाजी इस तंत्र पर नकेल कसने के लिए काफी है।

विधायक अमन अरोड़ा और विधायिका प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को घोषणाओं की परंपरा को आगे बढ़ाने के बजाय उनके लागू होने पर पहरा देने की आवश्यकता है। क्योंकि पंजाब के लोग कांग्रेस की खोखली घोषणाओं से हताश-निराश और थक चुके हैं।
‘आप’ नेताओं ने कहा कि पंजाब की जनता यह सवाल तथाकथित सुपर मुख्यमंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से भी करती है। पंजाब के लोग पूछते हैं कि क्या नवजोत सिंह सिद्धू केवल मुख्यमंत्री की कुर्सी हथियाने और अपनी नई ताकत बचाने के लिए ही कैप्टन रहेंगे या पंजाब व पंजाब के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए भी कोई काम करेंगे।

Spread the love