हरियाणा में 2 अक्तूबर से 8 अक्तूबर तक मनाया जा रहा वन्य जीव सप्ताह

चंडीगढ़, 3 अक्तूबर2022

– हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के निर्देश पर “वन्य जीव सप्ताह” में हरियाणा के सभी चिड़ियाघरों में विजिटर एंट्री मुफ्त कर दी गई है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति निशुल्क प्रवेश कर सकता है। इसके अतिरिक्त 2 अक्तूबर से 8 अक्तूबर तक वन्य जीव सप्ताह के दौरान ज्यादा से ज्यादा बच्चों को चिड़ियाघरों को दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के साथ-साथ देशभर में वन्य जीव सप्ताह मनाया जा रहा है। वन्य जीवों को संरक्षित करने के लिए आम लोगों में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता लाने के लिए यह वन्य जीव सप्ताह मनाया जाता है। इसके चलते हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भिवानी, रोहतक और पिपली में स्थित सभी तीनों चिड़ियाघरों में हर व्यक्ति का प्रवेश निशुल्क कर दिया है।

यमुनानगर के छछरौली में आयोजित होगा वन्य जीव सप्ताह का मुख्य कार्यक्रम

प्रवक्ता ने बताया कि यमुनानगर के छछरौली में वन्य जीव सप्ताह का मुख्य कार्यक्रम 6 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के वन मंत्री श्री कंवरपाल रहेंगे। इस सप्ताह के दौरान लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने और वन्य जीवों को संरक्षित करने के लिए जागरूक किया जाएगा।

हर जिले में आयोजित की जाएगी पेंटिंग प्रतियोगिता
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वन्य जीव सप्ताह में बच्चों को वन्य जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए हर जिले में वन्य जीवों से जुड़े विषयों पर पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें अव्वल आने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा। वहीं यमुनानगर जिले में अव्वल आने वाले बच्चों को छछरौली में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

वन्य जीव सप्ताह पर प्रदर्शनी का भी किया जाएगा आयोजन
प्रवक्ता  ने बताया कि वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर यमुनानगर के छछरौली में आयोजन स्थल पर वन्य जीवों से जुड़ी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में तस्वीरें, पेटिंग व डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएंगी।
क्रमांकः2022
मनोज

भारत निर्वाचन आयोग ने की हरियाणा समेत 7 राज्यों में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा

हरियाणा में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में होगा उपचुनाव

उपचुनाव की घोषणा से तुरंत प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू

चंडीगढ़, 3 अक्तूबर – भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा समेत 7 राज्यों में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में रिक्ति को भरने के लिए आज उपचुनाव की घोषणा कर दी है। हरियाणा में आदमपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र – 47 में उपचुनाव होगा। उपचुनाव की घोषणा होते ही तुरंत प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मतदान 3 नवंबर, 2022 को होगा।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्तूबर, 2022 को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 14 अक्तूबर है, जबकि नामांकन की जांच 15 अक्तूबर को होगी। उम्मीदवारों द्वारा 17 अक्तूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। 3 नवंबर, 2022 को मतदान होगा और 6 नवंबर, 2022 को मतों की गणना की जाएगी।

आयोग ने उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग करने का निर्णय लिया है। पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपीएटी उपलब्ध करवाई गई है और इन मशीनों की मदद से मतदान सुचारू रूप से संपन्न करवाना सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं।

उपचुनाव में मतदान के समय मतदाता की पहचान अनिवार्य होगी। मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) मतदाता की पहचान के लिए मुख्य दस्तावेज होगा। हालांकि, मतदाता अपनी पहचान के ‌लिए आयोग द्वारा निर्दिष्ट वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को भी प्रस्तुत कर सकता है।

इन वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्रीय व राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों या सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड शामिल हैं।

उन जिलों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू होगी, जिनमें इस विधानसभा क्षेत्र का पूरा या आंशिक हिस्सा आता है।

और पढ़ें – चैंपियंस ऑफ चेंज अवार्ड देने वाली संस्था ने भी लगाई अपनी मोहर लाल

Spread the love