– हर रोज योग करने से शरीर में स्फूर्ति व ऊर्जा का संचार होता है : एसडीएम बंसल
अबोहर, 21 जून 2024
जिला प्रशासन व पटेल पार्क सुधार सभा द्वारा दसवां विश्व योग दिवस सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल (लड़के) में मना कर लोगों को योग में निरंतरता बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य मेहमान एसडीएम पंकज बंसल, विशेष मेहमान सीएम योगशाला के जिला को-आर्डीनेटर राधेश्याम, जिला प्लानिंग बोर्ड के चेयरमैन सुनील सचदेवा, प्रिंसिपल राजेश सचदेवा, सुपरडेंट हरदीप कौर, एडवोकेट देसराज कंबोज, पटेल पार्क सुधार सभा के अध्यक्ष अनुज धवन ने विशेष तौर पर भाग लिया।
एसडीएम पंकज बंसल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के नागरिकों को निशुल्क योग शिक्षा प्रदान की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर कम नोडल अधिकारी डॉ. सेनू दुग्गल के दिशा निर्देशों पर इस योजना के तहत पंजाब में योग प्रशिक्षकों की टीम योग को घर घर तक पहुंचा कर योग को नियमित करवाने में अहम भूमिका निभा रहे है। बसंल ने कहा कि योग करके शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। हर रोज योग करने से शरीर में स्फूर्ति व ऊर्जा का संचार होता है।
डा. राधेश्याम ने कहा कि योग, आसन, व्यायाम से सर्वाइकल, बैक पेन, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर व नींद जैसी बीमारियों से निजात मिलती है। योग प्रशिक्षित मास्टर नविंद्र कंबोज, विंकल कंबोज, वरिंद्र कंबोज, मनीष, मैडम सुमन चौधरी ने योग आसनों ध्यान, प्राणायाम करवा कर शरीर के विभिन्न अंगों को स्वस्थ रखने के टिप्स दिए।
एडवोकेट देसराज कंबोज व अनुज धवन ने कहा कि स्वयं और समाज के लिए योग सामाजिक कल्याण में भी योगदान देता है। बीपीईओ अबोहर अजय कुमार छाबड़ा, लायंस क्लब आकाश अबोहर के अध्यक्ष लायन भगवंत भटेजा ने सभी का धन्यवाद किया।योग दिवस कार्यक्रम में सीएम योगशालाओं, नगर निगम, शिक्षा विभाग, पटेल पार्क सुधार सभा, जिला यूनानी आयुर्वेद विभाग, सरकारी व गैर सरकारी कर्मचारियों ने विशेष तौर पर भाग लिया। इस कार्यक्रम में पटेल पार्क सुधार सभा द्वारा रिफ्रेशमेंट व तुलसी के पौधों का वितरण भी किया गया।