’आप’ ने की विधायक जय सिंह रोड़ी पर हुए जानलेवा हमले की निंदा

JAI SINGH RODI
‘ਆਪ’ ਵੱਲੋਂ ਵਿਧਾਇਕ ਜੈ ਸਿੰਘ ਰੋੜੀ ’ਤੇ ਹੋਏ ਜਾਨਲੇਵਾ ਹਮਲੇ ਦੀ ਸਖ਼ਤ ਨਿੰਦਾ
आप नेताओं को मिलकर निशाना बना रहे हैं कांग्रेस, कैप्टन, बादल और बीजेपी  : सरबजीत कौर माणुंके 
कैप्टन सरकार की तरह ही चन्नी सरकार में भी कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब : अमन अरोड़ा
रोड़ी पर हमला करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे सरकार – कुलतार संधवां

चंडीगढ़, 22 दिसंबर

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने मंगलवार रात आप विधायक जय सिंह रोड़ी पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की और इसे राजनीतिक साजिश बताया। बुधवार को पार्टी मुख्यालय से जारी संयुक्त बयान में आप विधायक सरबजीत कौर माणुंके, अमन अरोड़ा और कुलतार संधवां ने कहा कि पंजाब में खराब कानून-व्यवस्था की वजह से अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। लेकिन कांग्रेस सरकार आपसी लड़ाई-झगड़े में उलझी हुई है। कांग्रेस सरकार राज्य की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। बेहद दुर्भाग्य की बात है कि पंजाब में आज न गुरु सुरक्षित हैं और न ही गुरु का घर। न आम लोग सुरक्षित है और न ही आम लोगों द्वारा चुने गए विधायक।

और पढ़ें :-महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नयी पहल

आप विधायक बलजिंदर कौर, मीत हेअर, अमरजीत सिंह संदोआ और अन्य विधायकों ने भी इस घटना की निंदा की और हैरानी जताई। आप नेताओं ने कहा कि रोड़ी पर जानलेवा हमला साबित करता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था जैसी चीज खत्म हो चुकी है। आप नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, नेता और कार्यकर्ता जय सिंह रोड़ी के साथ चट्टान बनकर खड़ी है और उनपर हमला करने वाले गुंडों को पंजाब की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।

विधायक और विपक्ष की उपनेता सरबजीत कौर माणुंके ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार राज्य में भय और आतंक का माहौल बना रही है। राज्य में धार्मिक संस्थानों के साथ-साथ आम आदमी के प्रतिनिधियों पर एक सोची समझी साजिश के तहत हमला किया जा रहा है क्योंकि कांग्रेस सरकार डर का माहौल बनाकर वोट लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी कांग्रेस, कैप्टन अमरिंदर सिंह, बादल और भारतीय जनता पार्टी मिलकर आप नेताओं को निशाना बना रहे हैं।

आप के वरिष्ठ नेता और विधायक अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी बड़े-बड़े दावे करते नहीं थक रहे कि पंजाब में कानून-व्यवस्था अच्छी है लेकिन सच्चाई यह है कि पंजाब के लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी सरकार पुलिस प्रमुख को कुर्सी से नीचे उतारने का खेल खेल रही है और हर दिन पुलिस अधिकारी बदले जा रहे हैं जिससे मालूम होता है कि राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर चन्नी सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।

आप नेता और विधायक कुलतार संधवां ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सत्ताधारी कांग्रेस के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती पेश की है। इसलिए जहां एक तरफ लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचायी जा रही है, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों पर हमला कर आम लोगों को डराने की कोशिश की जा रही है।

आप नेताओं ने कहा की आम आदमी पार्टी को मिल रहे जनता के भारी समर्थन से डर कर सभी पारंपरिक दल आप नेताओं को दबाने के लिए एकजुट हो गए हैं जैसे उन्होंने 2017 के चुनावों के दौरान किया था। उन्होंने कहा कि 2022 में आम आदमी पार्टी को सत्ता में आने से रोकने के लिए सत्ताधारी कांग्रेस, बादल, कैप्टन और बीजेपी और अन्य पारंपरिक दलों दलों ने आपस में समझौता कर लिया है। लेकिन इस बार पंजाब की जनता इन दुष्ट ताकतों को करारा जवाब देगी।

आप नेताओं ने कहा कि रोड़ी पर हुए हमले की निष्पक्ष और समय पर जांच हुई तो हमलावरों के तार सीधे तौर पर पारंपरिक पार्टियों से जुड़े साबित होंगे। आप नेताओं ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और पंजाब पुलिस प्रमुख सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय से मांग की कि विधायक रोड़ी पर हमला करने वाले हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किये जाए।