प्रभावी और विशाल होगी जनउत्थान रैली: धनखड़
– प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने फरीदाबाद में लिया रैली की तैयारियों का जायजा
चंडीगढ़, 20 अक्टूबर। हरियाणा प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने कहा कि फरीदाबाद में 27 अक्टूबर को होने वाली जन उत्थान रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री के आगमन से संगठन को नई उर्जा मिलेगी। बिप्लब देव गुरुवार को फरीदाबाद रैली स्थल का दौरा करने पहुंचे थे। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ भी मौजूद रहे। तैयारियों का जायजा लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि फरीदाबाद में होने वाली जन उत्थान रैली बहुत प्रभावी और विशाल होगी। उन्होंने कहा कि रैली को सिर्फ भाजपा की रैली न बनाकर समूचे फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की रैली बनाना है। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी कहा कि जनउत्थान रैली भव्य और विशाल होगी। रैली को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
भाजपा जिला कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रैली की तैयारियों बैठक की। बैठक में प्रदेश प्रभारी ने रैली की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की और रैली के आयोजन में सम्मिलित कार्यकर्ताओं में नई उर्जा भरी। उन्होंने वाहनों के लिए पार्किंग से लेकर वाहनों की व्यवस्था, मंच की व्यवस्था, फिल्ड की व्यवस्था, फिल्ड में वालिंटियर की व्यवस्था, पब्लिक के लिए जन सुविधाएँ आदि विषयों पर अपने सुझाव के साथ जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि रैली की सफलता में संगठन पूरी ताकत लगाएं। उन्होंने कहा कि अमित शाह रैली में अपने ओजस्वी भाषण से संगठन को एक नई उर्जा देंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मेरे कार्यकाल की ये पहली बड़ी रैली होगी इसलिए व्वयवस्थाओं पर पूरा फोकस रहना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि जन उत्थान रैली बहुत प्रभावी और विशाल होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि रैली को सिर्फ भाजपा की रैली न बनाकर समूचे फरीदाबाद लोकसभा की रैली बनाना है। लोगों में रैली के प्रति लगाव पैदा हो इसके लिए अभी से जूट जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय में इस रैली को यूनिक बनाने का काम करें। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से फरीदाबाद लोकल को वोकल बनाने का कार्य भी करना है।
केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बैठक के दौरान व्यवस्थाओं की विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देते हुए कहा कि फरीदाबाद में हमेशा बड़ी-बड़ी रैलियों का आयोजन हुआ है और इस बार भी फरीदाबाद में होने वाली रैली भव्य और विशाल होगी। गुर्जर ने बताया की फरीदाबाद लोकसभा की सभी 9 विधानसभाओं में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हो चुकी है और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दे दी गई हैं। रैली की तैयारियों में जुटे फरीदाबाद के सांसद ने विश्वास दिलाया कि 27 अक्तूबर को होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। इस मौके पर कैबिपेट मंत्री मूलचंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पलवल की जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, सीमा त्रिखा, राजेश नागर, नरेन्द्र गुप्ता, नयनपाल रावत, दीपक मंगला, जगदीश नायर, प्रवीण डागर,पूर्व मंत्री विपुल गोयल, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सोहनपाल सिंह, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव अजय गौड़, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, स्थानीय निकाय प्रदेश सह संयोजक देवेन्द्र चौधरी,जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल व भाजपा जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।