-कहा, कर्मचारियों को पक्का करने का वादा कर के सत्ता में आई कांग्रेस ने इन कर्मचारियों की पीठ पर छुरा घोंपा है
-चन्नी सरकार का 36,000 कच्चे कर्मचारियों को पक्का न करने का मामला गरमाया
चंडीगढ़, 9 जनवरी 2022
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार की तरह कांग्रेस सरकार ने भी पंजाब के कर्मचारी वर्ग की पीठ में छुरा घोंपा है और 2017 में किए वादे पर भी न तो कैप्टन और न ही मुख्यमंत्री चन्नी खरा उतरे। बादलों की तरह चरणजीत चन्नी ने भी 36000 कर्मचारियों को पक्का करने के नाम पर पंजाब के कर्मचारियों को बेइज्जत किया है। पहले 2016 में अकाली-भाजपा सरकार ने फिर 2017 में सत्ता में आते ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने और अब चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में पिछले 8 सालों से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे कच्चे कर्मचारियों के साथ धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस,अकाली और भाजपा जैसी पारंपरिक पार्टियां केवल जनता के मुद्दों का सियासी फायदा उठाती हैं,उनके लिए आम लोगों के मुद्दे, तकलीफें और मांगें केवल सियासी सीढ़ियां हैं जिनके सहारे ये सत्ता में आती हैं और फिर बारी बारी से पंजाब को लूटती हैं।
रविवार को जारी एक बयान में हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि, “पहले अकाली-भाजपा सरकार ने तीन सालों में पक्के करने का मुद्दा उठाते हुए कर्मचारियों का बिल आखिरी मौके पर पास किया और फिर लागू करवाने से पहले सरकार से बाहर हो गई। कैप्टन ने तो हद ही कर दी,क्योंकि जिन कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा कर उनके वोट लेकर साढ़े चार साल सत्ता भोगी, कैप्टन ने उनकी एक न सुनी और अब चन्नी सरकार ने होर्डिंग्स और बैनरों पर करोड़ों रुपए खर्च तो कर दिए, बावजूद इसके इन कर्मचारियों को पक्का नहीं किया, बादलों की तरह उन्होंने भी आखिरी दिन तक फाइल लटका कर उनके साथ धेखा किया है।” उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर पिछले 8 सालो में कांग्रेस, कैप्टन, अकाली और भाजपा मिलकर पंजाब के 36000 कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं कर सके। उन्होंने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि “समझ नहीं आ रहा इन पार्टियों के नेता किस मुंह से लोगों के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं और नौकरियों के नए वादे कर रहे हैं।”
आप नेता ने कहा कि जिन कामों को करने में ये सभी पार्टियों पूरी तरह नाकाम साबित हुई हैं, उन्हें आम आदमी पार्टी की सरकार करेगी। हरपाल सिंह चीमा के अनुसार, ” पारंपरिक पार्टियों केवल राजनीति करने में माहिर हैं। इन्हें आम जनता के मुददों का अपने सियासी फायदे के लिए इस्तेमाल करना अच्छे से आता है। लेकिन पंजाब के किसी भी वर्ग को अब फिक्र करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पंजाब में अगली आने वाले सरकार “आप” की सरकार काम करना बखूबी जानती है। जिस प्रकार केजरीवाल ने दिल्ली में काम किए हैं,उसी प्रकार पंजाब में भी आम आदमी पार्टी हर वर्ग तथा क्षेत्र के लोगों की अपनी सरकार होगी और उनके लिए काम करेगी।” हरपाल चीमा ने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 36000 हजार कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाएगा और पिछली सरकारों की तरह मुद्दे को दशकों तक लटकाया नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह न तो कैप्टन का चुनावी वादा है, न सुखबीर बादल की गप और न ही चन्नी का ऐलान है, यह आम आदमी पार्टी की गारंटी है और हम सरकार बनते ही सालों से लंबित इस मुद्दे को हल कर के कर्मचारियों को तुरंत राहत देंगे।