‘आप’ महिला विंग प्रदर्शनकारियों के आगे पुरुष कर्मियों की ड्यूटी लगाना गलत: सरबजीत कौर माणूके

महिला प्रदर्शनकारियों के साथ चंडीगढ़ पुलिस के अत्याचारी व्यवहार की आप महिला   विधायकों ने की निंदा

चंडीगढ़, 30 अगस्त
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने महिला विंग की नेताओं व कार्यकर्ताओं पर चंडीगढ़ पुलिस की बर्बरता पूर्वक कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। आप ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस के पुरुष कर्मियों और अधिकारियों द्वारा शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहीं निहत्थी महिलाओं को आगे होकर रोकने की कोशिश करना और उन पर पानी की बौछारें और लाठीचार्ज करना बेहद ही शर्मनाक है।
बता दें कि पंजाब व देश में महिलाओं और किसानों पर सत्तारूढ़ भाजपा और उसके गुंडों द्वारा किए जा रहे अत्याचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी की महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने रविवार को चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रही थी। आप कार्यकर्ताओं के हुजूम को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने उन पर पानी की बौछारों और लाठियां भांजना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में आप की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष राजविंदर कौर और युवा नेता अनमोल गगन मान सहित दर्जनों कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
सोमवार को पार्टी दफ्तर से संयुक्त बयान जारी करते हुए विपक्ष की उपनेता सरबजीत कौर माणूके,विधायक प्रो बलजिंदर कौर और रुपिंदर कौर रूबी ने कहा कि भाजपा नेताओं के इशारों पर पुलिस ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर लाठीचार्ज किया है। उन्होंने कहा कि जानकारी के बावजूद भी धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रही महिला नेताओं व कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुरुष पुलिस की ड्यूटी लगाना नैतिक रूप से गलत है। भाजपा के इशारे पर पुलिस की ओर से की गई बर्बरता पूर्वक कार्रवाई से समूचा पंजाब व देश शर्मसार हो गया है। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन से इस पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है।
आप नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे अन्नदाता के समर्थन और देशभर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज हमेशा बुलंद रखेगी। भाजपा और कांग्रेस की सरकारें  अपनी दमनकारी नीति से उसे कभी दबा नही सकेंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के घर के बाहर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रही आम आदमी की महिला विंग पर चंडीगढ़ पुलिस पहले भी लाठियां बरसा चुकी है। रविवार को पुलिस ने इस घटना को फिर से दोहरा कर अपनी महिला विरोधी सोच को उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाए कि जिस मोदी सरकार को लोगों ने भरोसा कर चुना था वही सरकार आम जनता की आवाज को दबाकर उन पर अत्याचार कर रही है। पंजाब महिला आयोग ने चंडीगढ़ पुलिस की इस हरकत का संज्ञान लेते हुए इसकी भत्सर्ना की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आम आदमी पार्टी की महिला विंग का प्रतिनिधिमंडल पंजाब महिला आयोग से मिलकर जांच की मांग करेगा।