गांव बास में उप मुख्यमंत्री ने किया शहीद भूपेंद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

चंडीगढ़, 2 सितंबर- हरियाणा के उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खेल और सेना में हरियाणा के वीर जवानों का सर्वाधिक योगदान है। हमारे प्रदेश के युवा खिलाड़ी जहां देश के लिए मैडल ला रहे हैं, वहीं बॉर्डर पर डटे सिपाही भारत की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हैं।

उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत सिंह चौटाला आज चरखी दादरी जिला के गांव बास में अमर शहीद भूपेंद्र सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की माटी में जन्मे युवाओं की सेना में संख्या दस प्रतिशत से अधिक है। हमारे हर गांव और शहर में पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों की अच्छी खासी तादाद है। हमें उन सभी वीर शहीदों और 20 से 25 साल तक सीमाओं की रक्षा करके घर आए पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए, जिनके त्याग और बलिदान से देश सुरक्षित है।

शहीद भूपेंद्र चौहान के परिवार की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपने लाडले को देश सेवा के लिए भेजना किसी बलिदान से कम नहीं। इस वीर शहीद के जीवन से गांव की युवा पीढ़ी को भी राष्टï्रभक्ति की प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अब यह कानून बना दिया है कि गांव के सरकारी स्कूल का नाम उस गांव के शहीद के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने इस अभियान की शुरूआत जींद जिला से की थी और अब हरियाणा के सभी 22 जिलों में इसे लागू कर दिया गया है।

श्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने गांव बास में पंचायत का प्रस्ताव मिलने पर एक सामुदायिक भवन और पुस्तकालय बनवाने की घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व विधायक व हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन राजदीप फौगाट ,पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान भी उपस्थित रहे।

 

और पढ़ें :-  दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के शराब घोटाले पर स्टिंग : भाजपा

Spread the love