चंडीगढ़,13 दिसम्बर 2021
हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गीता वाणी पूरी दुनिया में नई ऊर्जा भरेगी। मार्गशीर्ष की शुक्ल पक्ष की एकादशी प्रतिपदा को विश्व भर में गीता वाणी की गूंज सुनाई देगी। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के समापन अवसर 14 दिसंबर को वैश्विक गीता पाठ का आयोजन दोपहर 12 बजे होगा। इस वैश्विक गीता पाठ में देश ही नहीं विदेशी सरजमीं पर भी गीता के श्लोक गुंजायमान होंगे।
और पढ़ें :-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने उन सभी सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि कोरोना काल बीतने के बाद भगवान श्रीकृष्ण के मुखारविंद से हजारों वर्ष पूर्व कुरुक्षेत्र ज्योतिसर की पावन धरा से दिया गया विश्व कल्याण का संदेश अब अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के जरिये जन-जन तक पहुंचेंगा। गीता वाणी को आमजन तक पहुंचाने में स्कूली बच्चों का भी अहम योगदान रहेगा। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में वैश्विक गीता पाठ का मुख्य कार्यक्रम होगा और हर जिले से ऑनलाइन के जरिये स्कूली विद्यार्थी जुड़ेंगे। इसके साथ ही विदेशों में भी 14 दिसंबर को वैश्विक गीता की गूंज सुनाई देगी।
गीता पाठ में प्रमुख रूप से ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस, कनाडा व यूके सहित कई अन्य देशों के नागरिक जुड़ेंगे। वैश्विक गीता पाठ में 55 हजार स्कूली विद्यार्थी 18 श्लोकों का उच्चारण करेंगे। प्रदेश के हर जिले से 50 स्कूल हिस्सा लेंगे। गीता पाठ के साथ स्कूली स्तर पर निबंध लेखन, गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, संवाद व पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।