प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में उत्सव की तरह सेवा पखवाड़ा मना रही भाजपा: अरविंद सैनी
चंडीगढ़, 26 सितंबर। पीएम मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े को भाजपा कार्यकर्ता उत्सव की तरह मना रहे हैं। 27 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक आधा दर्जन कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिसमें सबसे बड़ा आयोजन विविधता में एकता का उत्सव होगा। यह कार्यक्रम पूरे हरियाणा में मनाया जाएगा जहां भारत की एकात्मका का दर्शन हरियाणावासियों को देखने को मिलेगा। लोकल फॉर वॉकल के तहत जिला स्तर पर उत्पाद एवं वस्तुओं के मेले लगेंगे। जिसमें स्थानीय वस्तुओं को प्रमोट किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी के मुताबिक सेवा पखवाड़ा के अभी छह दिन बचे हैं, इन छह दिनो में होने वाले आधा दर्जन कार्यक्रमों में सेवा के साथ-साथ उत्सवों की झलक हरियाणा के प्रत्येक जिलों में देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि खुद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ भी सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को उत्सव की तरह मनाने का आह्वान कर चुके हैं। कार्यकर्ताओं में इन आयोजनों को लेकर जोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
अरविंद सैनी ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश मंत्री सुरेंद्र आर्य के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सांसदों, विधायकों के फंड से जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों को व्हील चेयर, बैसाखी एवं कृत्रिम अंग का वितरण किया जाएगा। 28 सितंबर को चिकित्सा प्रकोष्ठ के डा. विजय दहिया के नेतृत्व में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे जिसमें लोगों की जांच की जाएगी और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी जाएगी। ये स्वास्थ्य शिविर बड़े स्तर पर सभी जिलों में लगाए जाएंगे।
सैनी ने बताया कि कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया में काफी तबाही मचाई। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत इरादों एवं दूरदर्शिता के कारण भारत में जल्द ही इस बीमारी पर काबू पाया गया। बीमारी को पूरी तरह से खत्म करने के लिए इस बार सेवा पखवाड़ा में टीकाकरण अभियान 29 सितंबर को चलाया जाएगा। इस अभियान का नेतृत्व चिकित्सा प्रकोष्ट के प्रदेश संयोजक डा. धर्मबीर नान्दल करेंगे। जिला स्तर पर टीकाकरण बुस्टर डोज के लिए टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे।
मीडिया सह प्रमुख ने बताया कि 30 सितंबर को विविधता में एकता का उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस उत्सव का नेतृत्व विधायक एवं प्रदेश मंत्री सत्य प्रकाश जरावत करेंगे। पश्चिम बंगाल से संबंधित संस्थाओं को उत्सव में आमंत्रित किया गया है। इस उत्सव की खास बात यह होगी कि इसमें पश्चिम बंगाल की संस्कृति वहां की रीति रिवाजों के अलावा भोजन उत्सव कार्यक्रम भी होगा। सैनी ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से भारत की एकात्मकता का दर्शन कराना इन उत्सवों का मुख्य उद्देश्य है।
सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई गाथा लिख रहा है। आज भारत विश्व मे एक नई उँचाई को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छू रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर सेवा पखवाड़ मना रही भाजपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह भी चरम पर है। 1 अक्टूबर को जिला स्तर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजीव जैन के नेतृत्व में स्थानीय उत्पाद एवं वस्तुओं का मेला लगाया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर कार्यकर्ता खादी भंडारों पर भ्रमण करेंगे तथा खादी वस्तुओं को खरीदेंगे और उसका प्रचार करेंगे। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सेवा प्रकोष्ट के प्रदेश संयोजक सतीश खोला करेंगे।