-केवल ‘अली बाबा ‘ बदला, चालीस चोर वहीं के वहीं मौजूद
-अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर कोटली को मंत्री पद से नवाज़ा जाना निंदनीय
चंडीगढ़, 26 सितंबर 2021
नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई वाली कांग्रेस की कैबिनेट में भ्रष्टाचार के आरोपों से लथपथ व्यक्तियों को बतौर मंत्री शामिल करने की निंदा करते हुए आम आदमी पार्टी ने इसे लोकतंत्र का अपमान करार दिया है। चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी अपने बयान के जरिए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि नई कैबिनेट में दागी मंत्रियों को शामिल किए जाने से यह स्पष्ट है कि चरणजीत सिंह चन्नी भी इसी गैंग का हिस्सा है। कांग्रेस सिर्फ मुख्यमंत्री का चेहरा बदलकर एक बार फिर लोगों की वोट लूटने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार पंजाब की कैबिनेट में माफिया राज चलाने वाले लोगों को शामिल करके पंजाब के प्राकृतिक स्त्रोतों को ओर लूटना चाहता है।
और पढ़ो :-पंजाब के राज्यपाल ने 15 कैबिनेट मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई
चीमा ने कहा कि इससे पहले साढ़े चार साल कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके करीबियों ने पंजाब को खूब लूटा और अब चुनाव के समीप लोगों के विरोध से बचने के लिए कांग्रेस ने उन्हें बदलकर पाक साफ होने का ढोंग किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को चरणजीत सिंह चन्नी से काफी उम्मीदें थी कि शायद वह कुछ अलग करेंगे, क्योंकि वह आम आदमी होने का दावा करते हैं लेकिन उनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर साफ दिखाई देता है। चीमा ने कहा कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का मुखौटा बदलकर केवल अली बाबा को ही बदला है, जबकि उनके चालीस चोर अभी भी वहीं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू स्पष्ट करें कि अब उनका राणा गुरजीत के बारे में क्या विचार है। कांग्रेस के विधायकों द्वारा राणा गुरजीत को कैबिनेट में शामिल नहीं करने के संबंध में गांधी परिवार को लिखे पत्र पर बोलते हुए चीमा ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी के उस आरोप को सिद्ध करता है, जिसमें कहा गया था कि राणा गुरजीत पंजाब में रेत माफिया का सरगना है।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते गुरकीरत सिंह कोटली को पंजाब की कैबिनेट में शामिल करने पर सख्त आपत्ति जाहिर करते हुए चीमा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के मौके पर बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वाले कोटली को कैबिनेट में शामिल करना दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को इस संबंध में अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए।