लुधियाना, 4 मार्च, 2025
सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा ने मंगलवार को लुधियाना के जगरांव पुल के पास श्री दुर्गा माता मंदिर में मत्था टेका।
वे दिल्ली से वापस आए थे, जहां वे लुधियाना (पश्चिम) विधानसभा सीट के लिए `आप’ उम्मीदवार के रूप में अपने नाम की घोषणा के बाद संसदीय कार्य में शामिल थे।
अपने दौरे के दौरान, उन्होंने मंदिर के ट्रस्टियों को मंदिर में स्थापित प्रत्येक मूर्ति के बारे में वहां पूजा-अर्चना करने आने वाले नई पीढ़ी के भक्तों को संक्षिप्त जानकारी प्रदान करने के लिए कुछ सुझाव दिए।
अरोड़ा ने मंदिर परिसर में स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर अस्पताल का भी दौरा किया। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों को बहुत मामूली शुल्क पर प्रदान की जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से पूछा। इस अवसर पर, उन्होंने इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए एमपीलैड फंड से 3 लाख रुपये का अनुदान दिया।
इसके बाद उन्होंने लुधियाना स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब का दौरा किया और मत्था टेका। अरोड़ा ने श्री दुर्गा माता मंदिर और गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में लुधियाना और लुधियानवियों की बेहतरी और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने लुधियाना और राज्य के लोगों की सेवा करने के लिए और अधिक शक्ति भी मांगी।