दिल्ली, 27 JUN 2024
माननीय सदस्यगण, मैं राज्य सभा के 264वें सत्र के आरंभ होने पर आप सभी का हार्दिक अभिनंदन करता हूँ। अभी संपन्न हुए लोकसभा के आम चुनाव तथा चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के पश्चात यह प्रथम सत्र है। अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए, विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के लोगों ने लोकतांत्रिक राजव्यवस्था तथा हमारे गणतंत्र के आधारभूत मूल्यों में अपनी आस्था व्यक्त की है। लोकतंत्र के इस उत्सव का सफलतापूर्वक संपन्न होना हम सभी के लिए अत्याधिक गौरव तथा सराहना का विषय है।
हाल ही में हुए द्विवार्षिक चुनावों के पश्चात इस सदन का आंशिक रूप से पुनर्गठन भी हुआ है। सदन के सभी 61 नवनिर्वाचित/मनोनीत सदस्यों को बधाई। सभी सदस्य निश्चित रूप से अपनी क्षमता का पूर्ण उपयोग करेंगे तथा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में अपना योगदान प्रदान करेंगे।
आइए हम सब मिलकर लोकतंत्र को सफल बनाने के लिए कार्य करें। आइए हम संवाद, चर्चा, विचार-विमर्श तथा वाद-विवाद की एक समग्र प्रणाली में अपना योगदान प्रदान करें, जो लोकतंत्र का मूलतत्व है।