सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाना ही प्राथमिकता: देवेन्द्र सिंह बबली

चंडीगढ़, 15 मई – हरियाणा विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेन्द्र सिंह बबली ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सभी जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार नागरिकों को सरलता से सुविधा मुहैया करवाने के लिए कटिबद्ध है और प्रयास है कि पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले।

         वे रविवार को टोहाना में एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

हरियाणा विकास एवं पंचायत मंत्री ने लोगों को विश्व परिवार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को वे परिवार का सदस्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की बहुत-सी जनकल्याणकारी योजनाएं ऐसी हैं जिनके बारे में आमजन तक सूचना नहीं पहुंच पाती ऐसे में प्रबुद्घ लोगों का फर्ज बनता है कि वे जरूरतमंद तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि वे बुजुर्गों के सम्मान समारोह आयोजित करते रहे हैं एक बार फिर इस श्रंखला को शुरू करने जा रहे हैं इसके लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को उससे जोडऩा है।

उन्होंने समझाया कि वे किस तरह से आमजन के कार्य करवा सकते हैं।

इस अवसर पर कैप्टन उमराव सिंह मेमोरियल ट्रस्ट टोहाना द्वारा हरियाणा सरकार की सामाजिक कल्याण, छात्रवृत्ति, रोजगार सर्जन और कौशल विकास योजनाओं से संबंधित पुस्तक का विमोचन किया गया। पुस्तक में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, पशुपालन और डेयरी विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, बागवानी विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग आदि की योजनाओं के बारे में बताया गया है।

 

और पढ़ें :- वर्ष 2025 में मारूति के खरखौदा प्लांट में बनेगी पहली कार: दुष्यंत चौटाला