दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी करेंगे बदलाव
आप का बनेगा मेयर, जल्द करेंगे नाम की घोषणा
चंडीगढ़, 30 दिसंबर 2021
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी पार्टियों पर तंज कसते हुए कहा कि हम बस और सरकार दोनों माफिया मुक्त चलाते हैं। आप की सरकार भ्रष्टाचार और माफिया शासन को पूरी तरह खत्म करेगी और लोगों को स्थिर और ईमानदार सरकार देगी।
और पढ़ें :-एतिहासिक जीत के लिए चंडीगढ़ वासियों का दिल से जताया शुक्रिया, चंडीगढ़ वासियों का भरोसा टूटने नहीं देंगे-अरविंद केजरीवाल
नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद गुरुवार को अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ में विजय यात्रा का नेतृत्व करने पहुंचे थे। केजरीवाल मोहाली के हवाईअड्डे पर उतरने के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
पहली बार नगर निगम चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी को 14 सीटों पर जीत दिलाकर सबसे बड़ी पार्टी बनाने के लिए केजरीवाल ने चंडीगढ़ की जनता का धन्यवाद और आभार प्रकट किया।
उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि आम आदमी पार्टी उनके भरोसे और विश्वास पर खरी उतरेगी और दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी बदलाव करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास की बयार अब चंडीगढ़ में बहेगी। देशकों से नगर निगम में शासन करने वाली कांग्रेस और भाजपा ने जगह जगह कूड़े के ढेर लगाकर शहर की सुंदरता पर जो कालिख पोथी है उसे आम आदमी पार्टी साफ करेगी। नगर निगम में मेयर बनाने के सवाल पर केजरीवाल ने दावा किया कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी अपना मेयर बनाएगी,हम जल्द ही नाम की घोषणा करेंगे।