राज्यसभा चुनाव के लिए ‘आप’ ने घोषित किए पांच उम्मीदवार

AAP announces five candidates for Rajya Sabha election
AAP announces five candidates for Rajya Sabha election
‘आप’ के राष्ट्रीय नेता राघव चड्ढा, चुनावी रणनीतिकार संदीप पाठक, क्रिकेटर हरभजन सिंह, एलपीयू के चांसलर अशोक मित्तल और उद्दोगपति संजीव अरोड़ा जाएंगे राज्यसभा
मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में सभी उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र

चंडीगढ़, 21 मार्च 2022

पंजाब की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी(आप) ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। सोमवार को पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, आप पंजाब के सह-प्रभारी राघव चड्ढा, पार्टी के पंजाब में चुनावी रणनीतिकार रहे संदीप पाठक, देश के प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी(एलपीयू) के चांसलर अशोक कुमार मित्तल और लुधियाना के प्रतिष्ठित उद्दोगपति संजीव अरोड़ा ने पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में सभी उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

और पढ़ें :-डिप्टी कमिशनर ने विधान सभा चुनाव दौरान शानदार सेवाएं निभाने वाले 120 आधिकारियों /कर्मचारियों को किया सम्मानित

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत हुई थी और पार्टी के 92 उम्मीदवार विजयी होकर विधानसभा पहुंचे। सीटों की संख्या और गणितीय आंकड़ो को देखते हुए आप के सभी पांचों उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। राघव चड्ढा, जो पार्टी के पंजाब में सह-प्रभारी हैं और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के काफी भरोसेमंद हैं। विश्वप्रसिद्ध लंदन स्कूल ऑफ इकॉनमिक्स से पढ़े राघव चड्ढा को पार्टी की ओर से सबसे कम उम्र के प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया था। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में राघव चड्ढा ने राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की और विधायक बनें। चड्ढा दिल्ली जल बोर्ड के भी उपाध्यक्ष हैं और पंजाब में पार्टी की शानदार जीत के वास्तुकारों में से एक हैं।

संदीप पाठक, पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की चाणक्य की भूमिका में थे। संदीप पाठक ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, यू.के. से पीएचडी की है और आईआईटी दिल्ली में एसोसिएट प्रोफेसर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए वह पार्टी में शामिल हुए। वह कई सालों से पर्दे के पीछे रह कर पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। पाठक ने ही पूरे पंजाब में पार्टी का मजबूत संगठन तैयार किया और 2022 विधानसभा चुनाव में पंजाब में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत की रणनीति तैयार की। वैज्ञानिक तरीके से सही और सटीक चुनावी सर्वेक्षण कर एवं अच्छे उम्मीदवारों का चयन कर पाठक ने पर्दे के पीछे रहकर पंजाब में पार्टी की ऐतिहासिक जीत की पटकथा तैयार की।

मशहूर क्रिकेटर और भारत के सबसे सफल ऑफ-स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थामकर राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। हरभजन सिंह 1998 से 2016 तक भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेला और अपनी अद्भुत गेंदबाजी से देश के लोगों के दिल में खास जगह बनायी। सिंह इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान थे। वह किंग्स इलेवन पंजाब के भी कप्तान रहे थें। अपने अद्भुत खेल के लिए हरभजन सिंह को देश के प्रतिष्ठित खेल सम्मान अर्जुन अवॉर्ड और पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर और चांसलर अशोक कुमार मित्तल को भी आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। मित्तल उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपने प्रशंसनीय कार्य और समाज सेवा के लिए जाने जाते हैं। सामान्य परिवार में जन्में अशोक मित्तल ने अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर सफलता प्राप्त की और इतने बड़े मुकाम तक पहुंचे हैं। पंजाब की शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने के लिए इन्होंने  जालंधर में देश के प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी(एलपीयू) की स्थापना की। एलपीयू भारत की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटियों में से एक है। 50 से अधिक देशों से छात्र यहां पढऩे आते हैं।

लुधियाना के बड़े व्यवसायियों में से एक संजीव अरोड़ा भी आम आदमी पार्टी की तरफ से पंजाब कोटे से राज्यसभा जाएंगे। संजीव अरोड़ा कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट चलाते हैं। अपने माता-पिता के कैंसर के कारण जान गंवाने के बाद उन्होंने इसे स्थापित किया और 160 से ज्यादा कैंसर रोगियों का नि:शुल्क इलाज किया। संजीव अरोड़ा दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, लुधियाना के गवर्निंग बोर्ड में हैं और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के एपेक्स काउंसिल के सदस्य भी हैं।

Spread the love