मुख्यमंत्री द्वारा श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व की बधाई  

लोगों को दसवें पातशाह द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया  
चंडीगढ़, 29 दिसंबर:  
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज दसमेश पिता श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भारत और दुनिया भर में बसने वाले पंजाबियों को बधाई दी।
सिखों के दसवें गुरू और ‘खालसा पंथ’ के संस्थापक श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व पर संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू साहिब ने अपने जीवन काल के दौरान प्रेम, एकजुटता और सार्वभौमिक भाईचारे का संदेश दिया।
भगवंत मान ने कहा कि गुरू साहिब ने 1699 में खालसा पंथ की सृजना करके न्याय, समानता, सामाजिक कल्याण और मानव अधिकारों की रक्षा के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ख़ुद को कुर्बान करने के लिए सदा तैयार रहने वाली कौम तैयार की।
उन्होंने लोगों को श्री आनन्दपुर साहिब में खालसा पंथ की सृजना करने वाले महान ‘‘संत सिपाही’’ की शिक्षाओं और समृद्ध विरासत पर चलने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने लोगों को श्री गुरु गोबिन्द सिंह द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए आदर्श और समानता वाले समाज की सृजना करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। भगवंत मान ने लोगों को धर्म-निरपेक्षता की सदियों पुरानी परम्पराओं को बरकरार रखने के साथ-साथ मानव अधिकारों की रक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को सुनिश्चित बनाने के लिए गुरू जी के बेमिसाल योगदान को याद करवाया, जिसके लिए उन्होंने अपने परिवार समेत सब कुछ कुर्बान कर दिया। उन्होंने लोगों को जात-पात, रंग, नसल के भेदभाव से ऊपर उठकर यह पवित्र दिवस मनाने के लिए कहा।

 

और पढ़ें :-  पंजाब विधान सभा के स्पीकर द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री के साथ पंजाबी भाईचारे से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचार-चर्चा

Spread the love