लोकतंत्र के चोथे स्तंभ और विचार प्रगट करने की संवैधानिक आजादी पर हमला- ‘आप’ विधायक

MLA Meet Hayer

मीडीया हाऊसस पर छापेमारी का मामला
केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग में कांग्रेस को पीछे छोड़ भाजपा ने पार की सभी हदें – प्रो. बलजिंदर कौर
लोकतंत्र सहनशीलता सिखाता है, विश्व में भारत की छवि खराब कर रहा है मोदी सरकार का असहनशील रवैया – मीत हेयर
चंडीगढ़, 23 जुलाई 2021
आम आदमी पार्टी ने मोदी सरकार के दैनिक भास्कर सहित अन्य मीडिया संस्थानों पर इनकम टैक्स रेड करवाने के मामले को लेकर कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय से संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए विधायक बलजिंदर कौर, गरुमीत सिंह मीत हेयर, प्रिंसिपल बुद्धराम, जै कृष्ण सिंह रौड़ी, रुपिंदर कौर रूबी, मनजीत सिंह बिलासपुर, कुलवंत सिंह पंडोरी, मास्टर बलदेव सिंह, जगतार सिंह हिस्सोवाल तथा अमरजीत सिंह संदोआ ने केंद्र सरकार की इस कार्रवाई को असंवैधानिक और प्रतिशोधी करार दिया। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मोदी सरकार द्वारा की गई यह कार्रवाई लोगों की आवाज को दबाने का काम कर रही है।
विधायकों ने कहा कि दैनिक भास्कर तथा भारत समाचार ग्रुप को कोरोना महामारी के दौरान मोदी सरकार की नाकामी को बेनकाब करने की सजा मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर उसके खिलाफ बोलने वाले लोगों तथा संस्थाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। विधायक (एमएलए) प्रोफेसर बलजिंदर कौर तथा मीत हेयर ने कड़े शब्दों में सरकार की निंदा करते हुए कहा कि मोदी सरकार मीडिया की आवाज दबाकर भारतीय संविधान में निहित अभिव्यक्ति के अधिकार का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि मीडिया का गला घोंटकर, सरकार साफतौर पर यह संदेश देना चाहती कि यदि उनके खिलाफ कोई आवाज उठाएगा तो उसे दबा दिया जाएगा।
विधायक मीत हेयर ने कहा भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है तथा हमारा लोकतंत्र हमें सहिष्णुता सिखाता है,जबकि पीएम मोदी का असहिष्णुता वाला रुख देश की छवि को खराब कर रहा है। ‘आप’ नेताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग करने में अपनी सारी हदें पार करते हुए मीडिया को अपने नियंत्रण में ले लिया है। उन्होंने कहा मोदी किसी हिटलर से कम नहीं है। उनके इस तानाशाह रवैये में हिटलर की छवि साफ नजर आती है जो कि तानाशाही तरीके से देश पर शासन करना चाहते हैं। आप नेताओं ने भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी सभी मीडिया संस्थानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर निष्पक्ष रूप से उनके साथ खड़ी है।

Spread the love