चण्डीगढ़, 2 अक्तूबर 2022
सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश तथा मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष न्यायमूर्ति डॉ. के.जी. बालाकृष्णन की अध्यक्षता वाली चैंपियन ऑफ चेंज चयन समिति ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को पहला ‘चैंपियन ऑफ चेंज हरियाणा 2021 अवार्ड’ दिया। चयन समिति के अन्य सदस्यों में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति ज्ञान सुधा मिश्रा, अधिवक्ता नंदन कुमार झा, मीडिया जगत में जाने-माने चेहरे डॉ. वेद प्रताप वैदिक तथा पूर्व राजदूत दयाकर रतककोंडा शामिल हैं।
चण्डीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने पूरा जीवन समाज को समर्पित किया और पिछले आठ वर्षों में केवल समाज व राष्ट्र को ही अपना परिवार बताते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य किया है और राज्य में सुशासन स्थापित करने के एक नए युग का सूत्रपात किया है। भ्रष्टाचार पर चोट पहुंचाई है और सरकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पारदर्शी व ऑनलाइन तरीके से पहुंच रहा है और सही मायनों में मुख्यमंत्री ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के सपने को साकार किया है।
हरियाणा में खेल, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, उत्पाद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व ढांचागत विकास में अभूतपूर्व कार्य किया है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री व उसकी टीम के साथ-साथ हरियाणा की जनता को भी जाता है जिन्होंनेे कंधे से कंधा मिलाकर मुख्यमंत्री का साथ दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विश्व में बदलाव के सबसे बड़े चैंपियन हैं। देश को उन्होंने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और हरियाणा पर उनका विशेष आर्शीवाद रहा है और इस प्रकार उनके प्यार, प्रेम व आर्शीवाद से मुख्यमंत्री ने निवेश उत्प्रेरक की भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पथ प्रदर्शन में राज्य में सामाजिक परिवर्तन का भी सूत्रपात हुआ है। उन्होंने चैंपियन ऑफ चेंज हरियाणा 2021 के पुरस्कार विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुरस्कार आप के स्वयं के लिए नहीं है बल्कि जिस समाज व क्षेत्र के लिए आपने काम किया है, पूरा श्रेय उसको जाता है। आप सब सकारात्मक बदलाव के असली नायक हैं।
किसानों को भी मिलेगा चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए गौरव का दिन है और इंटरेक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकनॉमी संस्था भी पिछले कुछ वर्षों से सराहनीय कार्य कर रही है। ‘‘चलने का काफिला निकला था, चलते-चलते आगे निकल गया और इतना आगे निकल गया कि आसान नहीं इतना बदलाव, हर कोई पीछे हो लिया’’।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जो प्रगतिशील किसान दस किसानों को अपने जैसा बनाएगा उसे अगले वर्ष चैंपियन ऑफ चेंज अवार्ड से नवाजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज की पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को आगे लाना और फिर उसके बाद जो अंतिम पंक्ति में आया उसे आगे बढ़ाना यही हमारे आर्दश पंडित दीन दयाल उपाध्याय का अंत्योदय सिद्धांत है।
मुख्यमंत्री कहा कि कुछ लोग राजनीति में सत्ता भोगने के लिए आते हैं परन्तु वे तो जन सेवा के भाव से राजनीति में आए हैं और भविष्य में प्रदेशवासियों के ईज ऑफ लिविंग और हैप्पीनेस इंडेक्स बढ़ाने के लिए और नई-नई योजनाएं बनाई जाऐगी। हरियाणा की जिन 25 विभूतियों को खेल, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, संगीत व संस्कृति मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर बदलाव के कारक बने और जिन्हें चैंपियन ऑफ चेंज हरियाणा 2021 के पुरस्कार से सम्मानित किया उनमें राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, पैरा ओलम्पियन दीपा मलिक, ओलम्पियन नीरज चोपड़ा, गायक ऋचा शर्मा, अभिनेता यशपाल शर्मा, क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग, पहलवान बबिता फोगाट व उनके पिता महावीर सिंह फोगाट, कमल सिंह चौहान, सुमित अंतिल, नीतू घंघस, लेफटिनेंट कर्नल रणदीप हुंडल, डॉ. नवीन भामरी, श्री प्रदीप मोहंती, श्री रुपेश पांडे, सुनील बंसल, सुश्री नौक्षम चौधरी, राहुल काले, रितेश रावल, करनैल सिंह चीमा, डॉ.गायत्री वासुदेवन, मोहम्मद हबीब, अमित कुमार, डॉ. एस.वी. अंचन, डॉ. विवेक उम्मत तथा अशोक भारती शामिल हैं।
न्यायमूर्ति डॉ. के.जी. बालाकृष्णन, ओलम्पियन नीरज चोपड़ा तथा क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंच परन्तु वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े।
क्रमांक – 2022
सत्यव्रत/सुमन
हरियाणा के पहलवानों ने दिखाया अपना दम
बेटों और बेटियों ने कुश्ती में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीते
चंडीगढ़ 2 अक्टूबर – गुजरात में चल रहे 36वें नेशनल गेम्स में रविवार का दिन हरियाणा के पहलवानों के लिए बड़ा शुभ रहा। आज कुश्ती के हुए मुकाबलों में कुल 9 मेडल दाव पर थे, जिसमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने 6 मेडल पर कब्जा किया। बेटों और बेटियों ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किए।
बेटियों ने दिखाया अपना दम
रविवार को हुए कुश्ती के मुकाबलों में हरियाणा की बेटियों ने अपना दमदार प्रदर्शन दिखाया और दो स्वर्ण पदक हरियाणा की झोली में डाले। 53 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की अंतिम ने मध्य प्रदेश की प्रियांशी प्रजापत को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 57 किलोग्राम भार वर्ग फ्री – स्टाइल कुश्ती में हरियाणा की मानसी ने चंडीगढ़ की नीतू को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा, 130 किलोग्राम भार वर्ग ग्रीको रोमन कुश्ती में हरियाणा के सतीश ने स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार, 74 किलोग्राम भार वर्ग फ्री-स्टाइल कुश्ती में हरियाणा के सागर ने रजत पदक तथा 60 किलोग्राम भार वर्ग ग्रीको रोमन कुश्ती में विकास ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
इनके अलावा, 86 किलोग्राम भार वर्ग फ्री – स्टाइल कुश्ती में हरियाणा के संजीत ने कांस्य पदक जीता।
12 अक्तूबर तक चलेंगे खेल
36वें नेशनल गेम्स में खेलों में हरियाणा व भारतीय सशस्त्र बलों की खेल टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। हरियाणा के खिलाड़ी और कोच उम्मीद कर रहे हैं कि 12 अक्तूबर तक चलने वाले इन खेलों का चैंपियन हरियाणा बने।
इन खेलों में एक्वेटिक्स, तीरंदाजी, भारतीय तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बीच स्पोर्ट्स, बॉक्सिंग, कैनोइंग, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, गोल्फ, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, लॉन बॉल, मल्लखंभ, नेटबॉल, रोलर स्पोर्ट्स, रोइंग, रग्बी 7s, शूटिंग, सॉफ्ट टेनिस, सॉफ्टबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, टेनिस, ट्रायथेलॉन, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, वुशु और योगासन शामिल हैं।
क्रमांक – 2022
गौरव
हरियाणा के राज्यपाल ने अश्विन नवरात्र के सातवें दिन श्री माता मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर लिया माता का आशीर्वाद
– राज्यपाल ने की प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
चंडीगढ, 2 अक्तूबर-हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने आज अश्विन नवरात्र के सातवें दिन श्री माता मनसा देवी पंचकूला में महामाई के दरबार में माथा टेका व विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया।
श्री दत्तात्रेय ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि माता रानी की कृपा दृष्टि समाज व प्रदेशवासियों पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की परस्पर एकता व भाईचारे से देश शक्तिशाली बनता है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्म दिन की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने देश के लिये अहिंसा के सिद्धांत पर चलते हुये भारत को आजाद करवाने के लिये महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस मौके पर उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री महावीर कौशिक ने राज्यपाल को माता मनसा देवी का चित्र भेंट किया।
इस अवसर पर गेल की पूर्व निदेशक श्रीमती बंतो कटारिया, श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक कुमार बंसल, सचिव शारदा प्रजापति तथा श्री माता मनसा देवी बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य नरेंद्र जैन और हरबंस सिंगला भी उपस्थित थे।
क्रमांक – 2022
दीपक लाठर ने 170 किलोग्राम भार उठाकर जीता गोल्ड मेडल
फेंसिंग में हरियाणा की बेटियों ने गोल्ड और सिल्वर पदक पर किया कब्जा
2 अक्टूबर शाम साढे 5 बजे तक हरियाणा 18 स्वर्ण पदक सहित 39 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बरकरार
हरियाणा की मिट्टी में खेल रचे बसे हैं, राज्य सरकार खिलाड़ियों के हुनर को निखारने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत – मुख्यमंत्री
चंडीगढ़ 2 अक्टूबर – गुजरात में चल रहे 36वें नेशनल गेम्स में हरियाणा का जलवा लगातार बरकरार है। हरियाणा के खिलाड़ी हर खेल में मेडल जीत रहे हैं। खिलाड़ियों के इस प्रकार के उल्लेखनीय प्रदर्शन से हरियाणा को खेलों की राजधानी कहना गलत नहीं होगा। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेशनल गेम्स में हरियाणा 18 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में लगातार शीर्ष पर बना हुआ है। 2 अक्टूबर शाम साढे 5 बजे तक हरियाणा के खाते में 18 स्वर्ण, 12 रजत और 9 कांस्य पदक समेत कुल 39 पदक हैं।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल लगातार नेशनल गेम्स में नजर बनाए हुए हैं और विजेताओं व प्रतिभागी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी आगे चलकर निश्चित तौर पर ओलंपिक खेलों में भी भारत के लिए पदक लाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल रचे बसे हैं। यहाँ के बच्चे बचपन से ही खेलकूद में आगे होते हैं। बस इन्हें एक सही प्लेटफॉर्म और कोच की आवश्यकता होती है, जिनकी बदौलत ऐसे खिलाड़ी ही आगे चलकर रोल मॉडल बनते हैं। हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के हुनर को निखारने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वेटलिफ्टिंग हरियाणा का पहला गोल्ड मेडल
रविवार को हुए वेटलिफ्टिंग के मुकाबले में हरियाणा को पहला स्वर्ण पदक मिला। 81 किलोग्राम भार वर्ग में दीपक लाठर ने 170 किलोग्राम भार उठाकर गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया।
फेंसिंग में हरियाणा की बेटियों ने गोल्ड और सिल्वर पदक पर किया कब्जा
नेशनल गेम्स में बेटों के साथ – साथ हरियाणा की बेटियां भी अपना खेल का उम्दा प्रदर्शन कर रही हैं। फेंसिंग ईपी इंडिविजुअल एवेंट में हरियाणा की बेटियों तनिक्षा खत्री ने गोल्ड और प्राची लोहान ने सिल्वर पदक जीत कर राज्य का नाम रोशन किया। इसके अलावा, 10 मीटर पिस्टल में शिवा नरवाल ने रजत पदक जीत। हरियाणा की लड़कियों की टीम ने डबल स्कल रोइंग में भी रजत पदक हासिल किया।
इसके अलावा, हरियाणा के लड़कों की टीम ने भी फॉइल फेंसिंग खेल में रजत पदक जीतकर हरियाणा के पदकों की संख्या में एक और पदक जोड़ दिया। परस्यूट ट्रैक साइकिलिंग इवेंट में लड़कियों की टीम ने भी रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है।
हरियाणा के 600 से अधिक खिलाड़ी दिखा रहे अपना जोहर
गुजरात में चल रहे 36वें नेशनल गेम्स हरियाणा के 600 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अभी तक हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुश्ती में सर्वाधिक 9 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक जीते हैं। इसी प्रकार, शूटिंग में 2 स्वर्ण और 3 रजत पदक, नेट बॉल में 2 स्वर्ण, एथलेटिक्स में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक, रग्बी में 1 स्वर्ण पदक, साइकिलिंग में 1 स्वर्ण और 2 रजत पदक, वेटलिफ्टिंग में 1 स्वर्ण पदक, कबड्डी में 2 कांस्य पदक और टेबल टेनिस में 1 रजत पदक जीते हैं।
गौरतलब है कि नेशनल गेम्स 2022 का आयोजन गुजरात के छह शहरों – अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर में किया जा रहा है। 28 भारतीय राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और सर्विसेज (भारतीय सशस्त्र बल की टीम) के लगभग 7,000 एथलीट, 36 विभिन्न खेलों में पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इनमें पारंपरिक ओलंपिक खेलों के साथ-साथ भारत का स्वदेशी खेल जैसे मल्लखंब, खो-खो और कबड्डी भी शामिल हैं।
क्रमांक – 2022
गौरव
इन महापुरुषों के उच्च एवं आदर्श विचार सदैव हमारा मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे- मुख्यमंत्री
चण्डीगढ, 2 अक्तूबर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नमन किया और उन्हें श्रद्वाजंलि अपिर्त की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर देश में स्वच्छता अभियान चलाकर सभी नागरिकों को घरों में शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया जिसके फलस्वरूप करोड़ों परिवारों को शौचालय लाभ मिला और जनता को खुले में शौच मुक्त जीवन प्रदान करने का कार्य किया। इसके अलावा स्वच्छता अभियान के तहत लोगों को अपने आसपास के वातावरण में सफाई करने के लिए भी जागरूक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से सेवा पखवाड़ा में चलाए जा रहे सेवा कार्यक्रम के माध्यम से जनता के हितार्थ अनेक कार्य गए हैं। इनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपने व्यक्तिगत जीवन में स्वच्छता को अपनाना चाहिए। स्वच्छता के बिना हम अनेक बीमारियों से घिर जाते हैं और एक बहुत बडा बजट स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च हो रहा है। यदि जीवन में पूर्ण रूप से स्वच्छता को अपनाया जाए तो स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले खर्च को बचाया जा सकता है और शरीर भी निरोग रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रंधानंमंत्री श्री लाल बहादुर शास़्त्री सादा जीवन उच्च विचार के धनी थे और उन्होंने जय जवान जय किसान का नारा देकर देश की सेना का साहस बढाया और किसान को अन्न की पैदावार बढाने के लिए प्रेरित किया। पूर्व प्रधानमंत्री की प्रेरणा से देश के जवान सीमाओं पर देश की सुरक्षा के लिए सदैव प्रयासरत रहतेहैं और किसानों ने भरपूर अनाज की पैदावार करके देश को अन्न के क्षेत्र में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया। इस प्रकार देश के हर जवान और किसान राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत होना गौरवमय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास़्त्री दोनों ही महापुरुषों के उच्च एवं आदर्श विचार सदैव हमारा मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हम देश व प्रदेश में जनहित के कार्य करते रहें। हरियाणा सरकार ने भी किसानों के हित में अनेक निर्णय लिए हैं जो उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं।
क्रमांक 2022
राजेश कुमार
स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2022 में हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर रहा
जिला भिवानी ने सर्वेक्षण में पहला स्थान किया हासिल
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर: हरियाणा प्रदेश मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में नित नए आयाम हासिल कर रहा है। उनकी दूरगामी सोच एवं कुछ और बेहतर कर दिखाने की चाहत के चलते ही अब प्रदेश ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत 2021-22 में संपूर्ण स्वच्छता हेतु ओडीएफ स्थायित्त्व तथा ओडीएफ प्लस के विभिन्न घटकों के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2022 के आधार पर 30 लाख से अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की श्रेणी में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है।आज विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश की ओर से ये पुरस्कार प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से प्राप्त किया । इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री श्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, और जल शक्ति एवम जनजातीय मामले राज्य मंत्री श्री बिश्वेश्वर टुडु भी उपस्थित थे।
विकास एवम पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा की प्रदेश का हर विभाग नई कार्य प्रणालियां अपनाकर एवं योजनाएं क्रियान्वित कर प्रदेश को सर्वोच्च उन्नति पर ले जाने के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश के गांवों में रहने वाले लोगों की जीवन शैली को उच्च स्तर पर लाने एवम ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अर्जित उपलब्धि में विकास एवं पंचायत विकास के अधिकारियों के साथ-साथ स्वच्छता सैनिकों, शिक्षा विभाग ,महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामुदायिक सहयोग करने वाले लोगों व संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान है । इन लोगों ने ही सरकार के साथ जुड़कर स्वच्छता विषय पर ग्रामीण आंचल के लोगों को विभिन्न तरीकों से जागरूक किया है।
विकास एवम पंचायत मंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक पूरे देश में हर साल स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाता है। इसी अवधि के दौरान प्रदेश में भी जिला स्तरीय “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम चलाया गया। इसके अंतर्गत हर गांव में स्वच्छता अभियान चलाए गए और लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने व अपने परिवेश को साफ सुथरा रखने बारे रैलियों, प्रभात फेरियोँ, हस्ताक्षर अभियान, सामुदायिक सहयोग व अन्य माध्यमों से जागरूक किया गया ।
उन्होंने कहा कि भिवानी जिला का पूरे देश के ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण में पहले स्थान पर आना यह दिखाता है कि यहां के अधिकारियों के साथ-साथ ग्रामीण जनता में स्वच्छता के बारे में बहुत जागरूकता है । उन्होंने बताया कि भिवानी जिला के 22 गांवों में बरसाती व गंदे पानी का विशेष स्ट्रक्चर बनाकर प्रबंधन किया गया है ।इसके साथ-साथ जिला के विभिन्न गांवों में अमृत सरोवर परियोजना के तहत 24 तालाबों का नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की भौगोलिक परिस्थितियां हर जिले में अलग है। सरकार व प्रशासन अपना कार्य कर रहे हैं । लोगों को भी पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अपने परिवेश को साफ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देना होगा । इसी कड़ी में हमें अपने घर के कूड़े का समुचित निपटान करने की तकनीक अपनानी होगी ।हरियाणा सरकार शहरों की तर्ज पर गांवों में भी हर घर से कूड़ा उठाने की दिशा में योजना बना रही है।
क्रमांक -2022
शालू शर्मा
चण्डीगढ़, 2 अक्तूबर – हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा ने कहा कि देश में महिलाओं के पोषण से लेकर उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल बहुत गंभीर हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं का अच्छा स्वास्थ्य होना बड़ी चुनौती है, जिसका सामना करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार ने सकारात्मक परिणाम देने का काम किया है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि आज उन्हें परिवार व समाज को मजबूत करने में खुद के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की जरूरत नहीं है, बल्कि जागरूक होकर अपना स्वास्थ्य सुधारने की दिशा में काम करना है।
श्री कमलेश ढांडा आज कैथल में महिलाओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के उद्घाटन से पूर्व महिलाओं को संबोधित कर रही थी।
राज्यमंत्री ने राष्टï्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की शुभकामनाएं दी।
श्रीमती ढांडा ने कहा कि चूल्हे पर खाना बनाती महिलाओं के दर्द को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने समझा और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन देने का काम किया। इसी प्रकार, स्वच्छ भारत अभियान के तहत घर-घर शौचालय निर्माण होने से महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य की परेशानियां कम हुई हैं।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अभियान की बदौलत आज हरियाणा में प्रति हजार लडकों पर 916 बेटियां जन्म ले रही हैं। देश की बहन-बेटियों, छोटे बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा हो, उनमें खून की कमी और कुपोषण की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में राजस्थान से राष्ट्रीय पोषण मिशन की शुरूआत की। इस कड़ी में सितंबर माह को हमने पांचवे राष्ट्रीय माह के तौर पर मनाया है और हरियाणा में सितंबर महीने में 6 लाख 25 हजार आयोजनों के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग ने हर घर को पोषण बनाने के लिए जन आंदोलन चलाया।
श्रीमती ढांडा ने कहा कि हर महिला-हर बच्चा कुपोषण से बचे, इसके लिए हमें हर घर में पोषण वाटिका बनाने का संकल्प लेना चाहिए। जब तक हमारे खाने में पौष्टिक आहार नहीं होगा, तब तक इस संकल्प को पूरा नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में भी महिलाओं, बच्चों के पोषण स्तर को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना चलाई जा रही है।
क्रमांक – 2022
सुमन
सहकारिता मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की
चण्डीगढ़, 2 अक्तूबर – हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने आज बावल में आयोजित आजादी अमृत काल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश व प्रदेश में महापुरूषों की जयंती मनाकर उन्हें याद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश की दो महान विभूतियों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है, इनके सिद्धांत व आदर्श सदैव सम्पूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करते रहेंगे। आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 153वीं जयंती तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 118वीं जयंती पर इन महान विभूतियों को नमन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह जयंती इसलिए भी खास है क्योंकि भारत आजादी का अमृत पर्व मना रहा है। उन्होंने नागरिकों से आह्वïान किया कि वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों व आदर्शों पर चलकर देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें।
डा. बनवारी लाल ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, निष्काम सेवा, त्याग के आदर्शों के प्रति समर्पित था। उनके आदर्शों पर पूरी निष्ठा, संकल्प के साथ चलकर ही सुनहरे भविष्य तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने देश की आजादी में गांधी जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी दिलाने में बापू का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वदेशी, स्वच्छता, ग्राम स्वराज मंत्रों को अपनाया।
सहकारिता मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी की सादगी और निर्णायकता के लिए पूरे भारत में उनकी प्रशंसा की जाती है।
क्रमांक – 2022
सुमन
चण्डीगढ़ 2 अक्टूबर – साइबर अपराध पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए और जनता को जागरूक करने के लिए हरियाणा पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों पर अक्टूबर माह को “सी योरसेल्फ इन साइबर” थीम के साथ साइबर सुरक्षा माह के रूप में मनाने का फैसला लिया गया है। साइबर जागरूकता कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए हरियाणा पुलिस ने पूरे माह के लिए एक्टिविटी कैलेंडर तैयार किया है जिसमे मुख्य रूप से मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, मजबूत पासवर्ड, सॉफ्टवेयर अपडेट, साइबर जालसाजों की पहचान, फाइनेंसियल फ्रॉड से बचाव व सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग को केंद्र में रखकर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया की प्रदेश में पिछले वर्ष अक्टूबर माह से ही हर महीने के प्रथम बुधवार को साइबर जागरूकता दिवस का रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सी योरसेल्फ इन साइबर” का मुख्य उद्देशय प्रत्येक नागरिक को साइबर स्पेस में खुद को सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी महसूस करने में सक्षम बनाना है। इस बार समाज के सबसे महत्वपूर्ण अंग, महिलाओं व बच्चों को ज़्यादा से ज़्यादा जागरूकता कार्यक्रमों में सम्मिलित करने के भरपूर प्रयास किये जायँगे। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया की वर्तमान में नेशनल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्रदेश में रोज़ाना की 1000 से अधिक कॉल्स प्राप्त हो रही है जिन पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। बढ़ती हुई कॉल्स की संख्या पिछले कुछ महीनों से हरियाणा पुलिस के जागरूकता प्रयासों का प्रमाण है। किसी भी अपराध को रोकने में उसकी रिपोर्टिंग का सबसे बड़ा योगदान होता है और ये एक जागरूक हो रहे समाज की निशानी भी है। रिपोर्टिंग और पुलिस के अथक प्रयासों का परिणाम ही है जो इस वर्ष अब तक तकरीबन 15 करोड़ रूपए साइबर ठगों से बचाने में सफलता हासिल हुई है।
विदित है कि साइबर अपराध के बढ़ते प्रभाव के कारण भारत सरकार ने वर्ष 2021 के अक्तूबर माह में हर महीने के प्रथम बुधवार को साइबर जागरूकता दिवस मनाने हेतु सभी राज्यों को निर्देश दिए गए थे। इस मुहीम को आगे बढ़ाते हुए, हरियाणा पुलिस ने एक वर्ष पूरा होने पर, अक्टूबर में प्रथम वर्षगांठ पर प्रभावी ढंग से बड़े स्तर पर टीवी, रेडियो, अखबार व सोशल मिडिया द्वारा लोगों को जागरूक करने की योजना बनाई है।
एक बेहतर पासवर्ड, सुरक्षा की पहली सीढ़ी, रचनात्मक रखें, समय समय पर बदलें।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया की अक्टूबर माह के हर बुधवार का जागरूकता कार्यक्रम, नए-नए मुद्दों पर आधारित रहेगा। जिसके लिए एक योजनाबद्ध तरीके से स्टेट नोडल एजेंसी, राज्य अपराध शाखा द्वारा एक क्रियान्वन रूपरेखा तैयार कर ली गई है और प्रदेश के सभी जिलों में प्रेषित की गई है। अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में “मज़बूत पासवर्ड व मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन” पर ज़ोर देने का निर्णय लिया गया है। जिसमें अपने बैंक खातों के अलावा सोशल मिडिया एकाउंट्स के लिए बेहतर पासवर्ड व मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन की उपयोगिता के बारे में बताया जायेगा। अक्सर एक कमज़ोर व आसान पासवर्ड ही साइबर ठगी का एक बड़ा कारण बनता है। जागरूकता के साथ साथ, एक मजबूत व रचनात्मक पासवर्ड बनाने, दोहरी सुरक्षा प्रणाली अपनाने, अंको के स्थान पर अपने चेहरे या फिंगरप्रिंट को इस्तेमाल करने आदि के लिए प्रोत्साहन के साथ साथ लाइव डेमोंस्ट्रेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम के आयोजन भी किये जायेंगे। इसके साथ साथ सभी जिलों में साइबर नोडल अधिकारीयों के मार्गदर्शन में विभिन्न स्कूलों व कॉलेज में 1930 मीटर दौड़, इंटरैक्टिव सेशन, पेंटिंग, कविता गायन, लड़कियों की सेल्फ डिफेन्स टेक्निक्स तथा सार्वजानिक स्थानों पर पब्लिक स्पीकिंग, स्टेज शो, साइबर राहगीरी, लाऊड स्पीकर अनाउंसमेंट, साइबर चौपाल आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर साइबर अपराध के खिलाफ एकजुट होकर दौड़ेगा प्रदेश, बड़ी भागीदारी की है तैयारी।
विदित है की हरियाणा पुलिस द्वारा सितम्बर माह में प्रदेश के सभी जिलों में सफलतापूर्वक साइबर राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किये थे, जिसमें प्रदेश से तकरीबन 32 हज़ार लोगों ने भाग लिया था। इस बार 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन साइबर थीम पर सभी जिलों में करवाया जायेगा, जिसमें प्रदेश के हर आयु वर्ग को दौड़ में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जायेगा। हरियाणा पुलिस विभिन्न प्रयासों से प्रदेश के कोने कोने तक साइबर जागरूकता को पहुँचाने के भरपूर प्रयास करेगी जिसके लिए राज्य स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके अलावा सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से भी जन-जागरूकता के प्रयास किये जायेंगे। हर वर्ग की भागेदारी के लिए ट्विटर के माध्यम से साइबर प्रश्नोत्तरी करने की शुरुवात भी कर दी गयी है। इसके तहत सोशल मिडिया के पुलिस के आधिकारिक हैंडल्स पर विभिन्न साइबर से जुड़े सवाल किये जाएंगे ताकि जागरूकता के स्तर के मूल्यांकन के साथ साथ सोशल मीडिया पर एक्टिव लोगों को भी इस मुहीम के साथ जोड़ा जा सके । विदित है कि इस वर्ष , मात्र 9 माह में सोशल मीडिया के माध्यम से तकरीबन 11 लाख से अधिक लोगों ने हरियाणा पुलिस के जागरूकता अभियान में भागेदारी दर्ज की है ।
सोशल मिडिया पर भी है कार्यक्रम की रुपरेखा, खुद नोडल अधिकारी संभाल रहे है कमान।
अक्टूबर माह के कार्यक्रम को बेहतर व सफलता से संचालित करने की ज़िम्मेदारी इस बार खुद साइबर स्टेट नोडल अधिकारी, श्री ओ पी सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध शाखा ने ली है। उनके द्वारा हरियाणा पुलिस के सभी जिलों के साइबर नोडल अधिकारीयों को विशेष मीटिंग आयोजित करके कार्यक्रम की रुपरेखा समझाई गई है और यह सुनिश्चित करने बारे निर्देशित किया गया कि साइबर जागरूकता को प्रभावशाली ढंग से हर वर्ग तक पहुँचने में किसी भी स्तर पर कोई कमी ना रहे। हरियाणा पुलिस जन-जन के साथ मिलकर एक साइबर सुरक्षित प्रदेश बनाने की दिशा में प्रयासरत है । इसके अतिरिक्त, हरियाणा पुलिस के सभी कार्यक्रमों की रुपरेखा राज्य अपराध शाखा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी उपलब्ध करवाई गई है।