विधायक सुभाष सुधा ने परिवहन विभाग द्वारा तैयार की गई 5 एम्बूलैंस मिनी बस को हरी झंडी देकर किया रवाना, महाप्रबंधक अशोक मुंजाल के प्रयासों से 36 घंटे में तैयार की एम्बूलैंस, अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात कर रहे है कोविड मरीजों की सेवा
कुरुक्षेत्र 12 मई2021 विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कोविड मरीजों की सेवा करने में परिवहन विभाग कुरुक्षेत्र डिपू की 5 एम्बूलैंस मिनी बसे अहम भूमिका अदा करेंगी। इन पांचों एम्बूलैंस में आक्सीजन बैड के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई है। इन मिनी बस एम्बूलैंस से ग्रामीण क्षेत्रों के कोरोना मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
विधायक सुभाष सुधा बुधवार को देर सायं नए बस स्टैंड पर हरियाणा परिवहन विभाग कुरुक्षेत्र डिपू द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, कुरुक्षेत्र डिपू के महाप्रबंधक अशोक मुंजाल ने 5 मिनी एम्बूलैंस बसों को हरी झंडी देकर रवाना किया। अब यह बसे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशानुसार कोविड मरीजों की सेवा करेंगी। इन 5 मिनी एम्बलैंस बसों को कार्यशाला के कर्मचारियों के अथक प्रयास व अनुभव से 36 घंटे के अंदर-अंदर तैयार किया गया है। इन बसों के जरिए आपातकालीन स्थिति में ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते कोरोना के उपचार में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। ये बसें ऑक्सीजन सिलेंडर सहित जरूरी उपकरणों से सुसज्जित है। इनके जरिए किसी भी आपातकालीन स्थिति में ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते कोरोना के उपचार में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। रोडवेज कर्मचारी ही इन बसों में सेवा देंगे।
विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि कोविड-19 महामारी का प्रसार गांवों की ओर बढ़ रहा है। इस प्रसार को रोकने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सरकार हर तरीके से तैयारियां कर रही है। इसी कड़ी में हरियाणा राज्य परिवहन के कुरुक्षेत्र डिपो में पांच मिनी बसों को एंबुलेंस के रूप में तैयार किया जा रहा है। इन एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर, चिकित्सा उपकरणों के अलावा पीपीई किट भी उपलब्ध रहेंगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश के सभी जिलों के रोडवेज डिपो में इस तरह की विशेष एंबुलेंस तैयार करने की योजना है। सरकार का यह निर्णय मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए लिया गया है, ताकि किसी भी मरीज को परेशानी न हो और जरूरत पडऩे पर एंबुलेंस सुविधा तुरंत मिल सके।
कुरुक्षेत्र के रोडवेज महाप्रबंधक अशोक मुंजाल ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने भी अपना हाथ बढ़ाया है। जिले में पांच मिनी बसों को एम्बुलेंस का रूप दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसमें सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा दी गई है। इन मिनी एम्बूलैंस बसों में रोडवेज की ओर से ड्राइवरों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कार्यशाला के कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के प्रयासों से 36 घंटे में इन एम्बूलैंस को तैयार किया गया। ये एम्बूलैंस स्वास्थ्य विभाग की आवश्यकता को निश्चित की पूरा करेंगी। इस मौके पर एसपीओ शेर सिंह, वर्कशॉप मैनेजर शमिन्द्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद थे।